धर्म संस्कृति 7 - आचार्य विषय पर संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी के विचार
- आचार्य स्वयं भी तरते हैं और दूसरों को भी तारते हैं। आचार्य नौका के समान हैं, वह पूज्य हैं।
- आचार्यों की यह निर्मल परम्परा निर्दोष संघ शासन की निरंतर वृद्धि करती रहे। यही हम सबकी भावना हो ।
- आचार्य महाराज नारियल की तरह बाहर से कठोर किन्तु अन्दर से मृदुस्वभावी होते हैं। यही वजह है कि उनके जीवन में अनुशासन और अनुकम्पा एक साथ झलकते हैं।
- जैसे वृक्ष सारी धूप को झेलकर पथिक को छाया प्रदान करते हैं ठीक वैसे ही आचार्य महाराज भी निस्वार्थ सब कुछ सहनकर शरणागत को शरण प्रदान करते हैं।
- आत्म साधना के साथ-साथ संघ का प्रवर्तन एवं धर्मोपदेश आचार्यों का मुख्य काम है।
- साधुपद की साधना करते हुए शिष्यों का संग्रह और अनुग्रह आदि कुछ विशिष्ट गुणों के कारण ही वह आचार्य अपने गौरवशाली पद से सुशोभित होते हैं।
- शिष्य यदि आज्ञा में बंधे हैं तो आचार्य आगम से। बन्धन एक को ही नहीं सभी को स्वीकार करने पड़ते हैं।
- आचार्य, स्वसमय-परसमय के ज्ञाता और तात्कालिक उठे हुए विकल्प-विवादों के समाधानकर्ता होते हैं।
- दोषयुक्त शिष्य के लिये निर्विकल्प निर्दोष होने में आचार्य का उतना ही महत्व है जितना कि बेटे को निर्दोष साफ-सुथरा होने में माँ का।
- मेरु के समान अडिग, सागर के समान गंभीर एवं सिंह के समान निर्भीक आचार्यों को संघ, समाज, देश और धर्म-संस्कृति के संरक्षण का पूरा ध्यान रहता है।
- आचार्यों की करुणा और वत्सल भावना का ही यह परिणाम है कि उनकी छत्र छाया में रहकर अशत और अल्पज्ञानी शिष्य भी अपना कल्याण कर लेते हैं।
- तीर्थंकरों से प्राप्त उस श्रुतधारा को आचार्यों ने ही आगम साहित्य के रूप में प्रणयन कर संरक्षित किया है।
- भगवान की दिव्यध्वनि में क्या-क्या खिरा और गणधरों ने उसे किस रूप में पाया और प्रस्तुत किया यह सब जानकारी, यदि आचार्यों द्वारा लिपिबद्ध श्रुत न होता तो हम कदापि न जान पाते।
- कुन्दकुन्द, समन्तभद्र और अकलंक जैसे महान्-महान् अनेकों आचार्यों ने जीवन में संघर्ष कर तप, त्याग और बुद्धि पराक्रम से इस संस्कृति परम्परा को अक्षुण्य बनाया है।
- समय-समय पर आचार्यों ने शासकों को अपनी तपस्या और ज्ञान गरिमा से प्रभावित कर जैनधर्म का विस्तार किया है।
- तीर्थंकर महावीर की आचार्य परम्परा ने भारतीय संस्कृति को दर्शन, साहित्य और सदाचार से संवृद्ध किया है।
- सर्वोदयी समाज निर्माण में आचार्यों का विशिष्ट महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
- व्यक्ति निर्माण के साथ-साथ समाज निर्माण के क्षेत्र में भी जैनाचार्यों ने अपना दायित्व निभाया है।
- 1
- 1